ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए किसी अनजान कॉल या संदेश के कहने पर पैसे न भेजें, ऐप इंस्टॉल न करें और OTP या UPI PIN साझा न करें। पैसे कट गए हों तो तुरंत अपने बैंक को सूचित करें और 1930 पर कॉल करें।
ठगी वाले संदेश अक्सर किसी काम को तुरंत करने का दबाव डालते हैं। नीचे दिए संकेत देखकर आप भुगतान या फ़ाइल खोलने से पहले असली सेवा से पुष्टि कर सकते हैं।
ऑनलाइन ठगी के पाँच आम संकेत
| तरीका | पहचान का संकेत |
|---|---|
| डिजिटल अरेस्ट | वीडियो कॉल पर अधिकारी बनकर तुरंत पैसे माँगे जाएँ |
| फर्जी APK | संदेश में चालान, KYC या निमंत्रण खोलने के लिए ऐप इंस्टॉल करने को कहा जाए |
| UPI QR या Collect Request | पैसे प्राप्त करने के लिए QR स्कैन या PIN डालने को कहा जाए |
| नकली कस्टमर केयर | शिकायत का समाधान बताकर स्क्रीन शेयरिंग या OTP माँगा जाए |
| फर्जी बैंक लिंक | खाता बंद होने का डर दिखाकर लिंक पर कार्ड, PIN या लॉगिन विवरण माँगा जाए |
ठगी का शक हो तो पहले ये कदम उठाएँ
- कॉल या चैट रोकें। बैंक, पुलिस या सरकारी विभाग का नाम सुनकर भी दिए हुए नंबर पर भरोसा न करें। उसकी आधिकारिक वेबसाइट, कार्ड या ऐप से नंबर लेकर अलग से पुष्टि करें।
- ऐप और फ़ाइल की जाँच करें। मैसेज से मिली APK इंस्टॉल न करें। ऐप की जरूरत होने पर आधिकारिक स्टोर में प्रकाशक का नाम देखें।
- भुगतान स्क्रीन पढ़ें। UPI PIN डालने से पहले प्राप्तकर्ता, राशि और यह देखें कि आप भुगतान मंजूर कर रहे हैं या नहीं। पैसे प्राप्त करने के लिए UPI PIN देने की जरूरत नहीं होती।
- खातों की सुरक्षा बढ़ाएँ। ईमेल और मैसेजिंग ऐप में दो-चरण सत्यापन चालू रखें। किसी अनजान व्यक्ति से स्क्रीन साझा करते समय बैंक या पहचान से जुड़े पेज न खोलें।
पैसे कट गए हों तो कहाँ शिकायत करें?
- बैंक और 1930 से तुरंत संपर्क करें। बैंक से खाते या कार्ड की सुरक्षा के अगले कदम पूछें। राशि, तारीख, UTR और ऐप की शिकायत संख्या तैयार रखें।
- ऑनलाइन विवरण पूरा करें। राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर घटना दर्ज करें और हेल्पलाइन का संदर्भ नंबर मिलने पर उसका उपयोग करें। संदेश, भुगतान और नंबर का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें।
1930 पर शिकायत करने की विस्तृत गाइड में शिकायत और प्रमाण का पूरा क्रम है। आपने गलती से किसी परिचित या दूसरे प्राप्तकर्ता को पैसा भेजा हो तो गलत UPI ट्रांसफर की प्रक्रिया देखें।
अक्सर पूछे जाने वाले सवाल
सिर्फ संदिग्ध कॉल या WhatsApp संदेश आया है। कहाँ रिपोर्ट करूँ?
संचार साथी के चक्षु पोर्टल में संदिग्ध धोखाधड़ी वाले संचार की रिपोर्ट का विकल्प देखें। अगर वित्तीय नुकसान हुआ है, तो तुरंत 1930 और साइबर अपराध पोर्टल का उपयोग करें।
क्या 1930 पर फोन करते ही पैसे वापस आ जाएंगे?
जल्दी सूचना देने से संबंधित संस्थाओं को आगे की कार्रवाई के लिए जानकारी मिलती है। पैसे की वापसी जाँच और मामले की स्थिति पर निर्भर करती है।
आधिकारिक स्रोत
स्रोत समीक्षा · 25 नवंबर 2026
1 thought on “ऑनलाइन ठगी से कैसे बचें? 5 तरह के धोखे पहचानें”